जिले में 4 नवम्बर को विधिक सेवा सप्ताह का आगाज
पूरे बैतूल जिले में न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह का होगा आयोजन
✓जिले में 4 नवम्बर को विधिक सेवा सप्ताह का आगाज
✓पूरे बैतूल जिले में न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह का होगा आयोजन
✓न्याय की जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले भर में विभिन्न गतिविधिया आयोजित की जाएंगी
परिधि न्यूज बैतूल
म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्राणेश कुमार प्राण के मार्गदर्शन में, 9 नवम्बर 2024 को विधिक सेवा दिवस मनाने के उपलक्ष्य में 4 नवम्बर से 9 नवम्बर तक पूरे बैतूल जिले में न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह।का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान जनसामान्य में न्याय की जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले भर में विभिन्न गतिविधिया आयोजित की जाएंगी।
सप्ताह के दौरान 4 नवम्बर को जिले में विधिक सेवा सप्ताह का शुभारंभ बाईक रैली से होगा। सुबह 9 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्राणेश कुमार प्राण हरी झंडी दिखाकर रैली का आरंभ करेंगे। यह रैली जिला न्यायालय परिसर से निकलते हुए, बस स्टैंड रोड, अंबेडकर चौक, मैकनिक चौक, बाबू चौक, कॉलेज रोड (जे.एच. कॉलेज बैतूल), गणेश चौक, कोठीबाजार, कोतवाली थाना, लल्ली चौक, और कलेक्ट्रेट कार्यालय होते हुए पुनः जिला न्यायालय परिसर बैतूल में संपन्न होगी। इस रैली में डिफेंस काउंसल, पैनल अधिवक्ता, पैरालीगल वालेंटियर्स, न्यायालय और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनजीओ सदस्य समेत अन्य लोग भाग लेंगे।
सप्ताहभर चलने वाले आयोजन
विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें जेलों में जागरूकता शिविर, वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर, तथा स्कूल और कॉलेजों में निबंध, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, और क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन प्रमुख रूप से किया जाएगा। इसके अलावा बालगृह, संप्रेक्षण गृह, श्रमिक बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे, जिससे विधिक सेवा योजनाओं का प्रचार-प्रसार हो और जनसामान्य को न्याय की उपलब्धता की जानकारी मिले।
मैराथन दौड़ और प्रदर्शनी
विधिक सेवा सप्ताह का समापन 9 नवम्बर को विधिक सेवा दिवस पर होगा। इस दिन प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के समन्वय से मैराथन दौड़ और विधिक सेवा प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसमें एनजीओ और स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग रहेगा, जो विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे।