किसी ने पलंग को हिलता महसूस किया तो कोई घर से बाहर भागा
कलेक्टर ने की राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र में चर्चा..कहा डरे नही सुरक्षित है बैतूल
टीम परिधि न्यूज़ बैतूल / चिचोली/ भीमपुर/दामजीपुरा

महाराष्ट्र के अमरावती में आज भूकंप के झटके महसूस किये गए। इसका असर बैतूल, मुलताई, भैसदेही, चिचोली, भीमपुर में भी देखा गया।भूकंप के झटकों की तीव्रता 4.2 आंकी गई।भूकंप के झटके दोपहर लगभग 1 बजकर 37 मिनट पर महसूस किये गए, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र की रिपोर्ट के भूकंप का केन्द्र बिन्दू अचलपुर से 27 किमी दूर उत्तर पश्चिम में था। यह मध्यम तीव्रता वाला बताया जा रहा है।

भूकंप का केन्द्र बिन्दू बैतूल से काफी दूर था, लेकिन जिले के भी कई हिस्सों में इसे महसूस किया गया। मुख्यालय पर आजादवार्ड निवासी जमाल भाई ने बताया की उन्होंने घर में पलंग हिलते महसूस किया। कोठीबाजार निवासी उमेश सोनी बताते है कि उनके घर दो सोफे आपस टकरा गए।

चिचोली में विवेकानंद वार्ड निवासी रविंद्र प्रताप शाही घर से बाहर निकल आए। बैतुलबाजार, खेड़ली, भारतभारती, मोहटा , पालांग ,दामजीपुरा, पाठ रैयत, नांदा,गदाखार, कुनखेड़ी डोडाजाम भीमपुर समेत अनेक क्षेत्रों में भी लोगो ने धरती को हिलते हुए महसूस किया।

लोगो में हड़कंप जरूर है लेकिन इस संबंध में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र से चर्चा की जहां से उन्हें बताया गया कि बैतूल जिले में भूकंप का केंद्र नही है। चिखलदरा महाराष्ट्र में भूकंप का केंद्र था जिसकी तीव्रता 4.2 दर्ज की गई है। कलेक्टर ने कहा की घबराने वाली कोई बात नही है।