प्रायमरी कक्षाओं के बच्चों से प्रधान पाठक ने उठवा ली गोदरेज की अलमारी
बच्चों से जोखिमभरा काम करवाने की प्राचार्य को भनक तक नहीं

✓बच्चों से जोखिमभरा काम करवाने की प्राचार्य को भनक तक नहीं
✓प्रायमरी कक्षाओं के बच्चों से प्रधान पाठक ने उठवा ली गोदरेज की अलमारी
✓गर्ग कॉलोनी के एकीकृत स्कूल में दोपहर 12 बजे एक कक्ष से मैदान पार कर दूसरे कक्ष में शिफ्ट कराई गोदरेज

गौरी बालापुरे पदम/परिधि न्यूज़ बैतूल

स्कूलों में बच्चों से काम कराने के कई मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, कभी बच्चों से स्कूल की कक्षाओं में झाड़ू लगवाई जाती है तो, कभी एमडीएम के बर्तन साफ कराए जाते हैं तो कभी इन बच्चों से मैदान की घास उखड़वाई जाती है । सख्त निर्देशों के बावजूद बच्चों से काम लेने के मामले जिले में सामने आते रहे । ताजा मामला शासकीय एकीकृत हाई स्कूल गर्ग कॉलोनी का है जहां प्राइमरी स्कूल के बच्चों से गोदरेज जैसी भारी अलमारी को उठाकर दूसरे कक्ष में शिफ्ट कराया गया। हैरत की बात है कि इस दौरान ना तो कोई शिक्षक और ना ही कोई अन्य जिम्मेदार बच्चों के साथ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एकीकृत शासकीय हाई स्कूल गर्ग कॉलोनी में शैक्षणिक सत्र 2024- 25 में कक्षा पहली से दसवीं तक 263 बच्चे दर्ज हैं । इस स्कूल में 16 शिक्षक एवं एक महिला भृत्य पदस्थ है। स्कूल के जिम्मेदारों का कहना है कि स्कूल के लगभग सभी कार्य महिला भृत्य से लिए जाते हैं, लेकिन बुधवार दोपहर 12:00 बजे जो नजारा सामने आया वह चौंकाने वाला था। स्कूल में प्रायमरी के कुछ बच्चे गोदरेज अलमारी को स्कूल के मैदान से होकर एक कक्ष से दूसरे कक्ष में शिफ्ट करते नजर आए। एक जागरूक नागरिक द्वारा बच्चों से जोखिम भरा कार्य कराने का घटनाक्रम अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर परिधि न्यूज़ को भेजा गया है।
प्राचार्य ने दी थी कक्ष खाली करवाने की जिम्मेदारी
स्कूल में एक कक्ष से दूसरे कक्ष में गोदरेज अलमारी शिफ्ट करने को लेकर जहां प्राइमरी स्कूल के प्रधान पाठक दिलीप उइके का कहना है कि उन्हें प्राचार्य हेमलता मालवी द्वारा कक्षा पांचवी और पहली कक्षा के कक्ष परिवर्तित करने की जिम्मेदारी दी गई थी गई थी। कक्षा में रखी आलमारी से पुस्तके निकाल कर बच्चों ने दूसरे कक्ष में अलमारी को शिफ्ट किया। जब उनसे सवाल किया गया कि क्या प्राचार्य ने बच्चों से अलमारी शिफ्ट करने के लिए कहा था? तो उन्होंने ना कहा और प्राचार्य से बात करवा दी। इधर प्राचार्य हेमलता मालवी का कहना है कि बच्चों से अलमारी शिफ्ट कराई गई है यह उनकी जानकारी में नहीं है। उनके द्वारा प्रधान पाठक से बच्चों को एफएलएन की पुस्तक देने के लिए कहा था। साथ ही मॉनिटरिंग के लिहाज से कक्षा पहली और पांचवी के कक्ष बदलने के लिए भी जिम्मेदारी दी गई थी।उन्होंने कहा कि प्रधान पाठक द्वारा गोदरेज अलमारी बच्चों से शिफ्ट करने को लेकर पूछताछ की जाएगी।
अकेले बच्चे शिफ्ट करते रहे अलमारी साथ में नहीं था कोई जिम्मेदार
भले ही प्रधान पाठक द्वारा गोदरेज अलमारी बच्चों से एक कक्ष से निकलवा कर मैदान से होकर दूसरे कक्ष में शिफ्ट करवाने का जोखिमपुर कार्य कराया गया हो, लेकिन इस पूरे दौर के बीच बच्चों के साथ ना तो कोई जिम्मेदार शिक्षक नजर आए न ही प्रधान पाठक स्वयं मौके पर मौजूद थे।सवाल यह है कि इस दौरान कोई बच्चा चोटिल हो जाता या कोई बड़ी दुर्घटना होती तो इसका जिम्मेदार कौन होता?
इनका कहना…
इस संबंध में सी ए सी को अवलोकन के लिए कहा है।उनके द्वारा रिपोर्ट देने का बाद ही मैं कुछ बता पाऊंगा।
राजेश तुरिया, एपीसी, जिला शिक्षा केंद्र बैतूल