Betul and MP Latest News

प्रणय वराठे बने एयरफोर्स पायलट

✓प्रणय वराठे बने एयरफोर्स पायलट

✓पहले ही प्रयास में एयरफोर्स पायलट परीक्षा उत्तीर्ण 

परिधि न्यूज बैतूल

जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है प्रणय वराठे ने भारतीय वायुसेना में पायलट चयन की परीक्षा पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। यह चयन प्रक्रिया एसएसबी (UPSC स्तर) के अंतर्गत देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाती है। पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त कर प्रणय ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बैतूल जिले को गौरवान्वित किया है।प्रणय वराठे,  खेल कोच कैलाश वराठे और पत्रकार नीता वराठे के पुत्र हैं।

बचपन से ही रहे प्रतिभाशाली

प्रणय बचपन से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। मात्र 9 वर्ष की आयु में वे प्रतिभा खोज के तहत उत्कृष्ट पूलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकैडमी ग्वालियर चयनित हुए थे। अब तक उनके नाम 10 से 12 ऑल इंडिया स्तर की उपलब्धियां दर्ज हैं और वे राज्य स्तर पर भी विजेता रह चुके हैं।

खेल और पढ़ाई में संतुलन की मिसाल

वर्तमान में प्रणय एक्सीलेंस कॉलेज भोपाल भौतिकी के छात्र हैं। पिछले तीन वर्षों से वे कॉलेज की बैडमिंटन चैंपियनशिप जीतते आ रहे हैं। खेल और पढ़ाई—दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर उन्होंने यह सिद्ध किया है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर मंजिल पाई जा सकती है।

असफलताओं के बाद मां ने संभाला हौसला

प्रणय की सफलता के पीछे उनकी माता का विशेष मार्गदर्शन और त्याग रहा है।बैडमिंटन और एनडीए में असफलता के बाद जब प्रणय निराश हुए, तब उनकी मां ने ही उनका मनोबल संभाला और उन्हें दोबारा खड़ा किया। कठिन समय में मां के विश्वास और प्रोत्साहन ने ही उनके जीवन को नई दिशा दी। परिवार के अनुसार, प्रणय की इस उपलब्धि का बड़ा श्रेय उनकी माता के समर्पण और अटूट विश्वास को जाता है।उनकी उपलब्धि में विक्रमादित्य मानकर (कैप्टन) का भी विशेष मार्गदर्शन रहा। वे लगातार प्रणय के संपर्क में रहे और हमेशा यह चाहते थे कि बैतूल जिले से कोई मेधावी छात्र अधिकारी रैंक पर पहुंचे। आज प्रणय की सफलता ने इस संकल्प को साकार कर दिया है।

युवाओं के लिए प्रेरणा

प्रणय वराठे की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए नई प्रेरणा है। उन्होंने साबित किया कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।जिले के वरिष्ठ नागरिकों, खेल प्रेमियों और शिक्षाविदों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।बैतूल का यह होनहार अब आसमान की ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.