Betul and MP Latest News

2047 तक 2 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का संकल्प, 52 मेडिकल कॉलेज होंगे स्थापित : हेमंत खण्डेलवाल

✓नक्सलवाद मुक्त हुआ मध्यप्रदेश, 25 दिसंबर को मिली ऐतिहासिक सफलता
✓कानून व्यवस्था से लेकर उद्योग तक सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा
परिधि न्यूज भोपाल/ बैतूल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक  हेमंत खण्डेलवाल ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 30-35 वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान तय समय-सीमा 31 मार्च 2026 से पहले 25 दिसंबर 2025 को कर लिया गया। उन्होंने बताया कि 10 उग्रवादी मुठभेड़ में मारे गए और 13 ने आत्मसमर्पण किया। इससे विशेष रूप से बालाघाट क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और माफिया गतिविधियों के खिलाफ सरकार ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है। जघन्य अपराधियों की जमानत निरस्त कराने के लिए अभियान चलाया गया, जिससे अपराधियों का खौफ समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पहले कई मामलों में 90 दिन के बाद चालान पेश होने से आरोपी जमानत पर छूट जाते थे, लेकिन अब प्रदेश में 7 दिन के भीतर चालान पेश करने की व्यवस्था लागू की गई है। बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश इस मामले में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नियंत्रण के लिए संवाद आधारित नीति, महिला-बाल सुरक्षा के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’, महिला फीडबैक प्रणाली और ‘अभिमन्यु अभियान’ का उल्लेख किया। अगस्त से शुरू की गई डायल 112 सेवा को एकीकृत आपातकालीन सुविधा बताते हुए कहा कि अब पुलिस, फायर और अन्य सेवाओं के लिए अलग-अलग नंबर डायल करने की जरूरत नहीं है।
11 लाख करोड़ निवेश, 48 नए औद्योगिक पार्क, 23 लाख एमएसएमई इकाइयां कार्यरत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  हेमंत खण्डेलवाल ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि 2047 तक मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। प्रदेश में लगभग 11 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाया गया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की चार श्रेणियों में प्रदेश को ‘टॉप अचीवर’ का दर्जा मिला है। 48 नए औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश में 23 लाख एमएसएमई इकाइयाँ कार्यरत हैं, जो सवा करोड़ लोगों को रोजगार दे रही हैं। 6670 स्टार्टअप में से 47 प्रतिशत महिला उद्यमियों द्वारा संचालित हैं। खनन क्षेत्र में 121 खनिज ब्लॉकों की पारदर्शी नीलामी कर मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
कृषि, डेयरी और स्वास्थ्य में विस्तार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ‘समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश’ थीम के तहत डिजिटल खाद वितरण और ई-टोकन प्रणाली लागू की गई है। प्राकृतिक खेती से दो लाख किसान जुड़े हैं, जिन्हें 4 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता दी जा रही है। भावांतर योजना के तहत 1292 करोड़ रुपये किसानों को प्रदान किए गए है। डेयरी क्षेत्र में एनडीडीबी से समझौते के बाद ‘सांची’ दूध का दैनिक संग्रह 7-8 लाख लीटर से बढ़कर 12 लाख लीटर हो गया है, जो लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि है। लक्ष्य 50 लाख लीटर प्रतिदिन का है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 52 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। 19 शासकीय, 6 केंद्र की सहायता से, 14 निजी और 13 पीपीपी मोड पर संचालित है। वर्तमान में 5500 एमबीबीएस सीटें हैं, जो बढ़कर 10 हजार हो जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में डॉक्टर-जनसंख्या अनुपात 200-250 लोगों पर एक डॉक्टर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश का युवा रोजगार लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनेगा और यही प्रदेश की नई पहचान होगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.