बडोरा क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बैतूल विधायक की बड़ी सौगात
✓बडोरा क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बैतूल विधायक की बड़ी सौगात
✓बैतूल मंडी से फोरलेन तितली चौराहा तक 6.91 करोड़ की टू लेन सड़क बनेगी
✓किसानों को मिलेगी बड़ी राहत बडोरा चौक पर नहीं होगा ट्रैफिक जाम
परिधि न्यूज बैतूल

-आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए संवेदनशीलता से काम कर रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल के उपनगर व्यावसायिक क्षेत्र बडोरा में सुगम आवागमन के लिए बड़ी सौगात दी है।श्री खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से मंडी बोर्ड ने मंडी बोर्ड निधि से कृषि उपज मंडी बडोरा से नागपुर भोपाल फोरलेन तितली चौराहा तक 6 करोड़ 91 लाख 53 हजार रुपए की लागत से से टू लेन सड़क स्वीकृत हुई है। इसका निर्माण होने के बाद बडोरा चौक पर बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी ।साथ ही किसान वाहनों से अपनी उपज फोरलेन से सीधे मंडी तक ले जा सकेंगे ।बैतूल मंडी में उपज लाने वाले वाहनों से बडोरा क्षेत्र में आवागमन अस्त व्यस्त होने एवं बार-बार जाम लगने से किसानों सहित आमजन को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा था ,आवागमन की गंभीर समस्या का स्थाई निराकरण करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने फोरलेन से कृषि मंडी बैतूल की सीधी कनेक्टिविटी के लिए विशेष प्रयास कर मंडी बोर्ड से 6.91 करोड़ की लागत से बैतूल मंडी से तितली चौराहा तक टू लेन सड़क स्वीकृत करवाई है ।
7 मीटर चौड़ी डेढ़ किलोमीटर लंबी बनेगी सड़क

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बैतूल विधायक श्री खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से कृषि उपज मंडी बडोरा से भोपाल नागपुर फोरलेन स्थित तितली चौराहा तक 6 करोड़ 91 लाख 53 हजार की लागत से स्वीकृत टू लेन सड़क डेढ़ किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी रहेगी ।मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल के प्रबंध संचालक सह आयुक्त ने 16 फरवरी 2026 को उक्त सड़क निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है, इस सड़क का निर्माण मंडी बोर्ड अंतर्गत मंडी बोर्ड निधि की राशि से डिपाजिट वर्क के रूप में लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। बैतूल कृषि उपज मंडी के पीछे से एनएच 47 तक बनने वाली डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क में सात पुलिया, एक मध्यम पुल सहित रिटर्निंगवाल का निर्माण किया जाएगा।
उत्पादन बढ़ने से मंडी में आने वाले वाहनों की संख्या बढ़ी

उल्लेखनीय की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने विधायकी के पहले कार्यकाल में बैतूल जिले के किसानों की समृद्धि के लिए सिंचाई सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए ठोस पहल की थी। श्री खंडेलवाल के प्रयासों से बैतूल जिले में पारसडोह, घुघरी, गढ़ा, मेंढ़ा,वर्धा सहित अन्य बड़ी सिंचाई परियोजना स्वीकृत हुई ।जलाशयों के निर्माण से सिंचाई के रकबे में साल दर साल हो रही बढ़ोतरी से उत्पादन में भी इजाफा हो रहा है ।कृषि विभाग के मुताबिक जलाशयों के निर्माण से बीते एक दशक के दौरान बैतूल जिले में विभिन्न उपजों के उत्पादन में ढाई गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर मंडी में उपजों की आवक पर भी पड़ा। जिससे मंडी आने वाले वाहनों की अधिक संख्या से बडोरा क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है।
कृषि उपज मंडी बैतूल से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2015 में बैतूल मंडी में प्रतिवर्ष 20 लाख क्विंटल विभिन्न उपजों की आवक होती थी, इस दौरान प्रतिदिन 100 से 150 वाहन उपज लेकर बैतूल मंडी में आते थे। वर्तमान में बैतूल मंडी की आवक 50 लाख क्विंटल प्रतिवर्ष हो गई है और 350 से 400 वाहन प्रतिदिन उपज लेकर मंडी में आ रहे हैं । जिससे बडोरा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे यातायात के दबाव से आवागमन अस्त व्यस्त हो रहा है और अक्सर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
एनएच से बैतूल मंडी की होगी सीधी कनेक्टिविटी
बैतूल के उपनगर व्यावसायिक क्षेत्र बड़ोरा में लगभग 14 एकड़ क्षेत्र में कृषि उपज मंडी एवं सब्जी मंडी संचालित है। मंडी में अपनी उपज लेकर आने वाले किसान वाहनों को बडोरा चौक होते हुए मंडी परिसर में ले जाते हैं ।जिससे आठनेर ,बैतूलबाजार मार्गों के साथ बडोरा चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से आवागमन बाधित हो जाता है ।बडोरा चौक पर बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने एवं किसानों को राहत देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बैतूल विधायक श्री खंडेलवाल ने शहर के बाहर से मंडी की कनेक्टिविटी के लिए विशेष प्रयास कर एनएच 47 नागपुर भोपाल हाईवे तितली चौराहे से मंडी तक टू लेन सड़क स्वीकृत करवाई है। सड़क निर्माण होने के बाद किसान एनएच 47 तितली चौराहे से सिर्फ डेढ़ किलोमीटर रास्ता तय कर अपनी उपज के वाहन सीधे बैतूल बडोरा मंडी ले जा सकेंगे ।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति ,आवागमन होगा सुलभ*
श्री खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से बैतूल मंडी से एनएच 47 तितली चौराहा तक स्वीकृत हुई टू लेन सड़क निर्माण होने के बाद कृषि मंडी जाने वाले वाहन बडोरा आने की बजाय बैतूल के बाहर स्थित फोर लेन बाईपास से सीधे मंडी पहुंचेंगे ,जिससे व्यावसायिक हब के रूप में विकसित हो रहे बडोरा क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा और बार-बार घंटों तक लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल जाएगी ।इस सड़क के निर्माण होने से जिले भर से बड़ोरा होते हुए बैतूल नगर में आने वाले लोगों के लिए आवागमन सुलभ होगा, साथ ही फोरलेन जाने वाले वाहन भी इस सड़क से जा सकेंगे।
किसानों के लिए सुविधाजनक होने के साथ ही ट्रैफिक को मिलेगी राहत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मंडी बोर्ड निधि से 6.91 करोड रुपए की लागत से भोपाल नागपुर फोरलेन तितली चौराहा तक स्वीकृत डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण होने से किसानों को बैतूल मंडी तक सुरक्षित तरीके से उपज पहुंचना सुविधाजनक होगा साथ ही बडोरा क्षेत्र में आवागमन भी सुलभ हो जाएगा। मंडी के फोरलेन से सीधे जोड़ने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और बैतूल मंडी के लिए एक व्यवस्थित परिवहन मार्ग उपलब्ध होगा। श्री खंडेलवाल के मुताबिक बडोरा कृषि उपज मंडी को शहर से बाहर शिफ्ट करने के लिए भूमि की तलाश की जा रही है, आवश्यकता अनुसार भूमि की उपलब्धता होने पर कृषि उपज मंडी शिफ्ट की जाएगी तब सब्जी मंडी को यही संचालित किया जा सकेगा। अभी तात्कालिक रूप से आवागमन के सुचारू संचालन एवं किसानों की सुविधा के लिए उक्त सड़क स्वीकृत करवाई है।