स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट का स्टेशन का औचक निरीक्षण कैम्प कोर्ट में जुर्माना राशि जमा कराई
➡️स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट का स्टेशन का औचक निरीक्षण
➡️कैम्प कोर्ट में जुर्माना राशि जमा कराई
परिधि न्यूज बैतूल

स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट (एसआरएम) भोपाल अनुराग खरे ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन बैतूल का औचक निरीक्षण कर स्टेशन परिसर में संचालित विभिन्न स्टॉलों की जांच की। जांच के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित अमूल स्टॉल पर श्रीधि कंपनी के उत्पाद का अनधिकृत रूप से विक्रय किया जाना पाया गया। इस संबंध में रेलवे अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई। इस मौके पर बैतूल आरपीएफ थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह भी मौजूद थे।
कैम्प कोर्ट में जमा कराई जुर्माना राशि

स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट भोपाल अनुराग खरे ने स्टेशन के निरीक्षण के उपरांत स्टेशन परिसर में कैम्प कोर्ट का आयोजन किया। कैम्प कोर्ट के दौरान आरपीएफ बैतूल द्वारा रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पूर्व में पकड़े गए ऐसे 37 प्रकरण, जिनमें संबंधित व्यक्तियों द्वारा निर्धारित पेनल्टी जमा नहीं की गई थी, न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। न्यायालयीन कार्यवाही उपरांत संबंधित व्यक्तियों से निर्धारित जुर्माना राशि जमा कराई गई। इसी प्रकार आरपीएफ आमला द्वारा विभिन्न धाराओं के 13 प्रकरण कैम्प कोर्ट में प्रस्तुत किए गए, जिनमें न्यायालयीन कार्यवाही के उपरांत राशि 6 हजार पांच सौ रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गई। आरपीएफ बैतूल प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा तथा रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन के लिए निरंतर जांच एवं निगरानी की जा रही है। अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री अथवा अन्य वस्तुओं का विक्रय करने तथा रेलवे अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।