प्रिंट और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों को ब्रह्माकुमारीज़ ने किया सम्मानित
✓प्रिंट और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों को ब्रह्माकुमारीज़ ने किया सम्मानित
✓प्रोफेसर गिरीश ने सार्थक संवाद के माध्यम से बताए नकारात्मक वातावरण में भी सकारात्मक रहने के तरीके
✓वरिष्ठ पत्रकार मयंक भार्गव को पत्रकारिता विषय में पी एच डी करने पर किया सम्मानित
✓27, 28 फरवरी एवं 01 मार्च को होगा तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम “वाह जिंदगी वाह” का आयोजन
परिधि न्यूज बैतूल

ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के स्थानीय सेवाकेंद्र भाग्यविधाता भवन में पत्रकार बंधु, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए “विशेष संवाद एवं सम्मान समारोह” का आयोजन आध्यात्मिक एवं दिव्य वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मुंबई से पधारे प्रोफेसर ई. वी. गिरीश ने अपने प्रेरक उद्बोधन में पत्रकारिता को समाज का सजग दर्पण बताते हुए सभी को उनके प्रयासों, कार्यों और देश तथा समाज प्रति योगदान को सराहा।


उन्होंने सभी को आध्यात्मिकता का वास्तविक अर्थ समझाते हुए कहा कि आध्यात्मिकता धर्म, जाति, लिंग आयु की सीमाओं से उठकर सबको एक जैसी दृष्टि और समान भाव से देखना और व्यवहार में आना है। यह स्वयं, परिवार और समाज के लिए अच्छा बनना है। आज के बदलते और तनावपूर्ण माहौल में स्वयं को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित जनों से आह्वान किया कि वे अपने मन को सकारात्मक दिशा में स्थिर रखते हुए जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाएं।


इस अवसर पर बैतूल सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदीजी ने सभी पत्रकार बंधुओं का स्वागत करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया साथ ही जानकारी दी कि आगामी 27, 28 फरवरी एवं 01 मार्च को तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम “वाह जिंदगी वाह” का आयोजन किया गया है। जो प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से 8:00 बजे तक ब्रह्माकुमारीज़ भाग्यविधाता भवन में आयोजित होगा। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ करते हुए उपस्थित सभी पत्रकारों को तिलक लगाकर सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। वही कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पत्रकार मयंक भार्गव को उनके पत्रकारिता विषय में पी एच डी पूर्ण करने पर प्रोफेसर ई वी गिरीश द्वारा शॉल और श्रीफल द्वारा सम्मानित किया गया। सभी को ईश्वरीय सौगात भी प्रदान की गई एवं ब्रह्माभोज का आयोजन भी किया गया जिसे सभी ने बड़े आदर प्रेम से स्वीकार किया।