1️⃣➡️शिव बारात की झांकियों में दिखेंगे मनोरम दृश्य, चलित लड्डू गोपाल बनेंगे आकर्षण 2️⃣➡️मां ताप्ती परिक्रमा यात्रियों का घोघरा घाट पर किया स्वागत3️⃣➡️भोपाली में 14 से 16 फरवरी होगा विशाल भंडारा4️⃣➡️प्राचीन श्री माता मंदिर में तृतीय स्थापना महोत्सव धूमधाम से मनाया5️⃣➡️नर्मदेश्वर महाशिवरात्रि महोत्सव में पहुंचेंगे निखिल मंत्र साधक 6️⃣➡️शनि मंदिर गंज में हुई शिवजी की सगाई
धर्म परिधि बैतूल
1️⃣➡️शिव बारात की झांकियों में दिखेंगे मनोरम दृश्य, चलित लड्डू गोपाल बनेंगे आकर्षण
✓हल्दी रस्म हुई संपन्न, आज लगेगी त्र्यंबकेश्वर को मेहंदी
✓15 फरवरी को बैतूल में दिखेगा दिव्य और अलौकिक शिव बारात का स्वरूप

बैतूल/थाना महाकाल चौक स्थित शिवालय में चल रहे शिव विवाह महोत्सव अंतर्गत हल्दी की परंपरागत रस्म श्रद्धा और विधि-विधान के साथ गुरुवार को संपन्न हो गई। उत्सव की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए अब त्र्यंबकेश्वर की मेहंदी रस्म आज 13 फरवरी, दिन शुक्रवार को रात्रि 8 बजे आयोजित की जाएगी।समिति के आदर्श अग्निहोत्री ने बताया कि विवाह उत्सव अंतर्गत आयोजित मेहंदी रस्म की जिम्मेदारी साक्षी शर्मा, कशिश तातेड, कृष्णा अमरुते, सरिता राठौड़, प्रमिला धोत्रे, वंदना बंजारे, निर्मला यादव, रेनू चौरसिया, बिल्लो पवार, सरिता श्रीवास्तव, कल्पना मांझी, मीरा खेड़ले, आरती शुक्ला, ममता शुक्ला, सोनम मिश्रा और ज्योति यदुवंशी को सौंपी गई है। सभी प्रभारी पारंपरिक विधि-विधान से रस्म संपन्न कराएंगी।
इधर, श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति ने बारात को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और दृश्यात्मक रूप से स्मरणीय बनाने की तैयारी पूर्ण कर ली है। समिति के लक्की यादव ने बताया कि शिव बारात में इस बार विशेष झांकियों के माध्यम से मनोरम दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। बारात का प्रमुख आकर्षण चलित लड्डू गोपाल जी रहेंगे, जो एक विशेष सुसज्जित गाड़ी में सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। श्रद्धालुओं को चलते रथ पर लड्डू गोपाल के दर्शन का अवसर मिलेगा, जिससे बारात का आध्यात्मिक वातावरण और सजीव होगा।
– भक्ति और सौंदर्य का संगम बनेगी बारात
समिति के अनुसार शिव बारात को इस बार पारंपरिक स्वरूप के साथ दृश्यात्मक रूप से भी समृद्ध किया जा रहा है। नगर भ्रमण के दौरान झांकियों, साज-सज्जा और धार्मिक प्रस्तुति के माध्यम से शिव भक्ति का वातावरण निर्मित किया जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए समिति के सदस्य सतत सक्रिय हैं।
2️⃣➡️मां ताप्ती परिक्रमा यात्रियों का घोघरा घाट पर किया स्वागत
✓17 फरवरी को उद्गम स्थल पर होगा यात्रा का समापन

बैतूल/घोघरा घाट में गुरुवार 12 फरवरी को सुबह मां ताप्ती दर्शन यात्रा के भक्तों का आगमन हुआ, जहां श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया। ताप्ती परिक्रमा के तहत निकली यह पदयात्रा हजीरा, गुजरात (सूरत) से प्रारंभ होकर उद्गम स्थल मुलताई तक पहुंचेगी। पदयात्रा के मुख्य राजेश दिक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा का समापन दिनांक 17 फरवरी को होगा। उन्होंने कहा कि मां ताप्ती जी की असीम कृपा से हर वर्ष अलग-अलग किनारों से गुजरते हुए अनेकों तीर्थ स्थलों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है और यह अनुभव अत्यंत आनंददायक होता है।
घोघरा घाट पर यात्रियों के स्वागत में जनपद पंचायत भीमपुर के जनपद अध्यक्ष भैय्यालाल इरपाचे, चोहटा पोपटी के सरपंच रामकिशोर धुर्वे सहित जन आस्था सेवा समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई। मां ताप्ती के जयकारों के साथ घाट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और यात्रियों ने आगे की यात्रा के लिए आशीर्वाद लेकर प्रस्थान किया।
3️⃣➡️भोपाली में 14 से 16 फरवरी होगा विशाल भंडारा

बैतूल/ शिव भक्त सेवा समिति बैतूल द्वारा लगातार 22वे वर्ष भी भोपाली में 14, 15 और 16 फरवरी तक तीन दिवसीय विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की जाएगी, जहां दूर-दराज से आने वाले शिव भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए शिव भक्त सेवा समिति बैतूल के सदस्य और समस्त शिवभक्त बैतूल तैयारियों में जुटे हुए हैं। शिव भक्त सेवा समिति बैतूल ने इस पावन अवसर पर सभी शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भंडारे में आने का आह्वान किया है।
4️⃣➡️प्राचीन श्री माता मंदिर में तृतीय स्थापना महोत्सव धूमधाम से मनाया, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
✓महाकाल की झांकी, कन्या पूजन और भजन संध्या से भक्तिमय हुआ शंकर नगर, रात 12 बजे तक चला आयोजन

बैतूल/प्राचीन श्री माता मंदिर शंकर नगर में 11 फरवरी दिन बुधवार को तृतीय स्थापना महोत्सव विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भव्य रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान के विशेष श्रृंगार से हुई। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया और महाकाल की झांकी के स्वरूप में शिवलिंग का विशेष श्रृंगार चंद्रशेखर साहू एवं गौरव मालवीय परिवार की ओर से किया गया। इसके पश्चात भगवान की आरती उतारी गई।
शाम 6 बजे विधिवत कन्या पूजन कर कन्याओं को भेंट प्रदान की गई और भंडारे की शुरुआत की गई। आयोजन के दौरान योगु शर्मा, पप्पू शर्मा टीम द्वारा सुंदर भजन संध्या का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। सुंदरकांड का पाठ एवं भक्तिमय भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सैकड़ों भक्तों ने सामूहिक रूप से भगवान की आरती उतारी।
आयोजन में लगभग 7 से 8 हजार लोगों ने भंडारे की प्रसादी ग्रहण की। पूरा कार्यक्रम रात्रि 12 बजे तक श्रद्धा और उत्साह के साथ चलता रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष डब्बू तलेड़ा ने धर्मकार्य में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं एवं सहयोगी भक्तजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। युवा समिति के सदस्यों एवं समिति के सभी वरिष्ठ सदस्यों ने आयोजन में विशेष योगदान दिया।
5️⃣➡️नर्मदेश्वर महाशिवरात्रि महोत्सव में पहुंचेंगे निखिल मंत्र साधक
✓दो दिवसीय साधना शिविर में गुरुदेव देंगे विशेष दीक्षाएं
बैतूल/ पुण्य सलिला मां नर्मदा की गोद और भगवान नर्मदेश्वर ज्योतिर्लिंग के सानिध्य में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर में दो दिवसीय नर्मदेश्वर महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार (निखिला मंत्र विज्ञान), मध्य प्रदेश द्वारा 14 और 15 फरवरी 2026 को जयसवाल समाज ट्रस्ट धर्मशाला में यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें परम पूज्य सद्गुरुदेव नंदकिशोर श्रीमाली का सानिध्य रहेगा। बैतूल जिले से इस महोत्सव में अधिक संख्या में निखिल मंत्र साधक पहुंचेंगे।
निखिल मंत्र साधक श्रीमती हर्षा मनोज अग्रवाल ने बताया कि आयोजन के दौरान सद्गुरुदेव अपने श्रीमुख से प्रवचन देते हुए साधकों को जीवन दर्शन और आध्यात्मिक उन्नति के सूत्र बताएंगे। वे स्वयं के मार्गदर्शन में नर्मदेश्वर शिव साधनाएं संपन्न कराएंगे तथा साधकों को जीवन की बाधाओं से मुक्ति और आत्मिक प्रगति के लिए विभिन्न कल्याणकारी दीक्षाएं प्रदान करेंगे।
शिविर में सामूहिक गुरु पूजन, विधिवत रुद्राभिषेक, मंत्र जाप, ध्यान साधना और भजन-कीर्तन के विशेष सत्र आयोजित होंगे। पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा और साधकों को शिवत्व के साक्षात्कार का अवसर मिलेगा।
वरिष्ठ साधक विष्णु पाटीदार ने बताया कि सद्गुरुदेव 13 फरवरी 2026 को सुबह 11:15 बजे इंदौर विमानतल पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से ओंकारेश्वर शिविर स्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बैतूल जिले सहित सभी निखिल शिष्यों और धर्मप्रेमियों से सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
6️⃣➡️शनि मंदिर गंज में हुई शिवजी की सगाई

बैतूल/ महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात उत्सव सेवा समिति बैतूल गंज के तत्वाधान में बैतूल शहर में भगवान शिवजी की भव्य बरात निकाली जाएगी। धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत 11 फरवरी को सायं 4 बजे गंज स्थित शनि मंदिर में शिवजी की सगाई से हुई। 12 फरवरी को सायं 4 बजे खनमट्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया। 13 फरवरी को प्रातः 10 बजे हल्दी की रस्म संपन्न होगी। 14 फरवरी को रात्रि 8 बजे मेहंदी एवं संगीत का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्य आकर्षण 15 फरवरी रविवार को सायं 4 बजे रहेगा, जब शनि मंदिर गंज से भगवान शिवजी की भव्य बरात निकाली जाएगी। बरात गंज के काश्मीर चौक, श्री हनुमान चौक, बाबू चौक, नंदी चौक, दिलबहार चौक, गंज बस स्टैंड से मैकेनिक चौक होते हुए माता मंदिर पहुंचेगी। वहां से पुनः बस स्टैंड मार्ग से होते हुए शनि मंदिर पहुंचकर महाआरती के साथ समापन होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में शिव भक्त महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल होंगे। आयोजन समिति ने जिले के समस्त शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शिव बरात में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।