शिव बारात में उज्जैन की ख्याति प्राप्त झांझ-डमरू टीम देगी विशेष प्रस्तुति
✓शिव बारात में उज्जैन की ख्याति प्राप्त झांझ-डमरू टीम देगी विशेष प्रस्तुति
✓30 कलाकारों के साथ आएगा श्री भस्म रमैया भक्त मंडल उज्जैन
परिधि न्यूज बैतूल

महाशिवरात्रि पर्व पर 15 फरवरी को निकलने वाली देवाधिदेव महाकाल की भव्य शिव बारात को इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर का सांस्कृतिक स्वरूप मिलने जा रहा है। श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति, बैतूल के अनुसार शिव बारात में उज्जैन की ख्याति प्राप्त झांझ-डमरू टीम विशेष प्रस्तुति देगी, जिससे आयोजन की भव्यता और धार्मिक ऊर्जा और अधिक बढ़ेगी।
समिति के मोनू यादव ने बताया कि शिव बारात में उज्जैन का श्री भस्म रमैया भक्त मंडल अपने 30 साथियों के साथ शामिल होगा। यह दल शिव प्रिय वाद्य यंत्र डमरू की प्रस्तुति के लिए देशभर में प्रसिद्ध है और भारत के कई बड़े शहरों में अपनी प्रस्तुतिया दे चुका है।
– फिल्म हरिहर वीर मल्लू में भी दे चुके हैं प्रस्तुति
मोनू यादव ने बताया कि श्री भस्म रमैया भक्त मंडल उज्जैन साउथ के सुपरस्टार पवन कल्याण के साथ फिल्म हरिहर वीर मल्लू में भी अपनी प्रस्तुति दे चुका है। इस प्रतिष्ठित टीम की सहभागिता से बैतूल की शिव बारात को विशेष पहचान मिलने की संभावना है।
– आज संपन्न होगा ओंकारेश्वर का टीका, परंपरागत रस्में जारी
समिति के अमन सोनकपुरिया ने जानकारी दी कि आज सोमवार शिव विवाह उत्सव अंतर्गत ओंकारेश्वर का टीका संपन्न होगा। यह रस्म पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव से आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी। महाकाल मंदिर में विराजित शिवलिंग का श्रृंगार परंपरागत विधि-विधान के अनुसार मूर्ति कलाकार सुनील प्रजापति द्वारा किया जा रहा है।महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर चल रहे मंगलोत्सवों के अंतर्गत पुष्प, भस्म, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री से शिवलिंग को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण निर्मित हो रहा है।
– 21 सदस्यों को सौंपी गई टीका आयोजन की जिम्मेदारी
ओंकारेश्वर के टीका आयोजन की जिम्मेदारी सोनल पाटिल, रीता दत्त, कशिश तातेड, रानी राठौड़, कविता मालवीय, लता सोनी, सरिता पवार, वंदना रघुवंशी, निर्मला यादव, पिंकी नामदेव, माधुरी नामदेव,प्रदीप तिलनते, बिट्टू ठाकुर, निक्की राजपूत, गजेन्द्र दत्त, अक्षय तातेड, तथागत मिश्रा, सागर करकरे, लक्की यादव, मोनू यादव,सनी ठाकुर और बंटी आरसे को सौंपी गई है। समिति के अनुसार सभी सदस्य आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।