राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026:विविध जागरूकता कार्यक्रमों के समापन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य पर सम्मान- पुरस्कार
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026:विविध जागरूकता कार्यक्रमों के समापन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य पर सम्मान- पुरस्कार
परिधि न्यूज बैतूल

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार के निर्देशन में थाना यातायात, जिला बैतूल द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं युवाओं को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अधिनियम, यातायात नियमों तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित समस्त कार्यक्रमों की सफलता एवं उनमें सराहनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करने हेतु आज शिवाजी ऑडिटोरियम, बैतूल में प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
उक्त समारोह में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी सुनील लाटा, रक्षित निरीक्षक दिनेश मस्कोले, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, यातायात थाना प्रभारी गजेंद्र केन सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए पुनः राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अधिनियम एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाना, तेज गति व ओवरलोडिंग से बचाव, मोबाइल फोन का प्रयोग न करना, ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क चिन्हों का पालन अवश्य करें।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसमें हर नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के दौरान थाना यातायात, जिला बैतूल द्वारा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, भीड़-भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान, चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रैफिक वार्डन एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता, तथा दुर्घटना रोकथाम से संबंधित जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सांधिपनी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, आर.डी. पब्लिक स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा विषय पर उत्कृष्ट चित्रकला प्रस्तुत की। इन सभी विद्यालयों के प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके सराहनीय प्रदर्शन हेतु प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा मिला।साथ ही ट्रैफिक वार्डन एवं वॉलंटियर्स, जिन्होंने पूरे माह यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने एवं आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्हें भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ऑटो एम्बुलेंस चालक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को समय पर अस्पताल पहुँचाकर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

उनके इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।इसके अतिरिक्त ऑटो एम्बुलेंस की संचालक श्रीमती गौरी बालापुरे पदम को भी उनके विशिष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया।

समारोह में मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती के अंतर्गत चयन फिजिकल परीक्षण हेतु चयनित विद्यार्थी अभ्यर्थी, जिन्हें निःशुल्क फिजिकल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, वे भी सम्मिलित हुए। उनके प्रशिक्षकों (ट्रेनर्स) की उपस्थिति में अभ्यर्थियों एवं प्रशिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों द्वारा सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने तथा दूसरों को भी सुरक्षित रखने हेतु जागरूक करने की अपील की गई।