1️⃣➡️भगवान लक्ष्मीनारायण के अभिषेक से शुरू हुआ तीन दिवसीय विश्वकर्मा जयंती महोत्सव2️⃣➡️ जया एकादशी पर निकली प्रभात फेरी दोपहर में हुआ द्वादश ज्योतिर्लिंग का अभिषेक, श्री लीला देव बाबा मंदिर का स्थापना दिवस कार्यक्रम सम्पन्न,विशाल भंडारा 30 को3️⃣➡️ विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ,शहर में निकली कलश यात्रा
1️⃣➡️भगवान लक्ष्मीनारायण के अभिषेक से शुरू हुआ तीन दिवसीय विश्वकर्मा जयंती महोत्सव
परिधि धर्म – आस्था बैतूल

विश्वकर्मा मंदिर गंज में तीन दिवसीय भगवान श्री विश्वकर्मा जी का जयंती महोत्सव आज गुरुवार भगवान श्री लक्ष्मीनारायण जी के अभिषेक, हवन एवं पूजन के साथ विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। आयोजन में विश्वकर्मा (बढ़ई) समाज के साथ अन्य समाजों के श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की और मंत्रोच्चार के बीच विधिपूर्वक पूजन कर भगवान से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर महिला मंडल द्वारा सामूहिक भजन-पूजन किया गया। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक एकादशी की कथा का श्रवण किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर में आस्था और श्रद्धा का विशेष दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं पुरुषों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इसमें काव्य पाठ सहित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिन्हें उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा। आयोजन के पहले दिन धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का संतुलित स्वरूप देखने को मिला।
बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम
विश्वकर्मा (बढ़ई) समाज समिति के अध्यक्ष गणेश मालवी एवं सचिव शशिकांत मालवी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के दूसरे 30 जनवरी को बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें फैंसी ड्रेस, गायन, नृत्य, कुर्सी दौड़ तथा रंगोली प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी, जिनमें बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रहेगी।
समाज समिति, महिला मंडल एवं युवा मंच द्वारा समाज के सभी लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को सफल बनाएं।
2️⃣➡️ जया एकादशी पर निकली प्रभात फेरी दोपहर में हुआ द्वादश ज्योतिर्लिंग का अभिषेक, श्री लीला देव बाबा मंदिर का स्थापना दिवस कार्यक्रम सम्पन्न,विशाल भंडारा 30 को

बैतूल/श्री लीला बाबा मंदिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जया एकादशी का पर्व नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुवार सुबह 6 बजे प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रभात फेरी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर वार्ड के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। इस दौरान भक्त ढोलक, मंजीरे की मधुर थाप पर भजन-कीर्तन करते हुए भक्ति भाव में लीन नजर आए।
प्रभात फेरी के उपरांत सुबह 9 बजे से श्री लीला बाबा मंदिर में द्वादश ज्योतिर्लिंगों का विशेष अभिषेक किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान विद्वान पंडित नरेंद्र दुबे के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। अभिषेक में जल, दूध, दही, घी, मधु एवं पंचामृत से शिवलिंगों का पूजन किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।सायंकाल 5 बजे से 7 बजे तक धुनी वाले दादाजी के नाम का संकीर्तन पाठ आयोजित किया गया। भजन-कीर्तन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता की।मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार 30 जनवरी को स्थापना दिवस के समापन अवसर पर एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा श्री लीलादेव बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर एसटीडी चौक स्थित शिव मंदिर, साईं मंदिर विवेकानंद वार्ड, माता मंदिर शंकर वार्ड, खप्पर वाली माता मंदिर होते हुए विनोबा वार्ड के शिव मंदिर से वापस श्री लीलादेव बाबा मंदिर प्रांगण में संपन्न होगी।शोभायात्रा के समापन के पश्चात मंदिर परिसर में शाम 4 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। मंदिर समिति एवं स्थानीय नागरिकों ने अधिक से अधिक भक्तों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
3️⃣➡️ विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ,शहर में निकली कलश यात्रा

बैतूल/ श्री विश्वकर्मा लोहार समाज समिति द्वारा भगवान विश्वकर्मा जी का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 29 जनवरी से 2 फरवरी तक श्रद्धा और परंपरागत विधि-विधान के साथ आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के पहले दिन गुरुवार को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जिला मीडिया प्रभारी किशोरी लाल विश्वकर्मा ने बताया कि कलश यात्रा शारदा मंदिर प्रांगण सोनाघाटी से प्रारंभ होकर चक्कर रोड, थाना चौक, गणेश चौक, कॉलेज चौक, एसपी ऑफिस के सामने से होते हुए दिलबहार चौक, मैकेनिक चौक, बढ़ई विश्वकर्मा समाज मंदिर, गुरुद्वारा रोड, कारगिल चौक, गेंदा चौक होते हुए सोना घाटी मंदिर परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
समिति अध्यक्ष शंकर राव चौरेकर और उपाध्यक्ष मानिकराव उमरे ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 30 जनवरी को सुबह 9 बजे पीठ पूजा, प्रतिमा अधिवास, अग्नि स्थापना एवं अन्नाधिवास का आयोजन किया जाएगा। समिति सचिव मनोहर माजरीवार एवं कोषाध्यक्ष सूरज लाल चौरेकर ने जानकारी दी कि 31 जनवरी को सुबह 9 बजे फलाधिवास, 1 फरवरी को सुबह 9 बजे महाअभिषेक, प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन-पूजन होगा। वहीं 2 फरवरी को सुबह 9 बजे पूर्णाहुति, महा आरती और भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
नवयुवक मंडल के अध्यक्ष राजेश बावने, उपाध्यक्ष अलकेश नागपुरे, सचिव नरेंद्र बंधे और कोषाध्यक्ष प्रीतम सिडलीवर ने समाज के सभी बंधुओं से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।