Betul and MP Latest News

सीने में दर्द उठा तो जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, डेढ़ घंटे तक आईसीयू में रहे भर्ती

✓सभी रिपोर्ट नार्मल आने पर भोपाल रवाना, 25 जनवरी को SIR में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल करेंगे सम्मान
परिधि न्यूज बैतूल

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी शनिवार शाम करीब 3.50 पर जिला अस्पताल पहुंंचे। यहां उन्हें सीधे आईसीयू ले जाया गया। जहां करीब एक घंटे तक उन्हें आब्जर्वेशन में रखा गया। सीने में दर्द होने की वजह से कलेक्टर सतर्कता एवं तत्परता दिखाते हुए जिला अस्पताल पहुंचे थे। यहां सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े की देखरेख में कलेक्टर की ईसीजी कराई गई। सभी रिपोर्ट नार्मल आई। करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें आईसीयू में सीएमएचओ डॉ हुरमाड़े, सीएस डॉ जगदीश घोरे, डॉ रोहित पराते, डॉ मयूरी मंडलेकर निगरानी में रखा गया। हालांकि डॉ हुरमाड़े ने उन्हें आराम करने और सफर न करने की एडवाईज दी लेकिन सभी रिपोर्ट नार्मल आने के बाद आश्वस्त कलेक्टर पहले अपने आवास पहुंचे और यहां से कुछ देर बाद भोपाल के लिए रवाना हो गए। जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के संबंध में राष्ट्रीय युवा पुरुस्कार प्राप्त समाजसेवी मनीष दीक्षित जो उस वक्त जिला अस्पताल में ही मौजूद थे, बताते है कि अचानक कलेक्टर की गाड़ी जब अस्पताल पहुंची तो सभी को लगा कि वे अस्पताल के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे है। लेकिन उन्हें सीधे आईसीयू में ले जाया गया। कलेक्टर चाहते तो जिले के किसी भी मल्टीस्पेशलिटी हास्पीटल में अपना उपचार कराने पहुंच सकते थे, लेकिन वे जिला अस्पताल पहुंचे।
परिधि से चर्चा में कहा बिलकुल ठीक हूं
परिधि न्यूज की सीईओ गौरी पदम ने जब कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी को करीब सवा सात बजे फोन करके सेहत के संबंध में जानकारी ली तो उन्होंने स्वस्थ होने के साथ-साथ इटारसी तक पहुंचने की भी जानकारी दी। उन्होंने करीब दो मिनट की चर्चा के दौरान बताया कि 25 जनवरी को भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह में वे शामिल होंगे। श्री सूर्यवंशी ने कहा कि वे बिलकुल ठीक है। इधर सीएमएचओ डॉ हुरमाड़े का कहना है कि चेस्ट पेन होने पर वैसे तो आब्जर्वेशन में रखना जरुरी होता है लेकिन रिपोर्ट नार्मल होने की वजह से वे कुछ देर आराम करने के बाद लौट गए उन्हें लम्बे सफर के लिए मना भी किया गया। डॉक्टर द्वारा उन्हें सफर के हिसाब से दवाई दी गई है साथ ही भोपाल में कार्डियोलॉजिकल टेस्ट करने की एडवाईज भी दी गई है।

विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल करेंगे सम्मानित

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)–2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल 25 जनवरी को द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल श्री पटेल द्वारा कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम आमला शैलेंद्र बड़ोनिया तथा आमला विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ सुपरवाइजर, शिक्षक  रामप्रसाद पाल को भी विशेष गहन पुनरीक्षण में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत मतदाताओं के डिजिटाइजेशन में बैतूल जिला ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं विधानसभा आमला ने प्रदेश में सर्वप्रथम डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।यह उपलब्धि कलेक्टर श्री सूर्यवंशी की सतत मॉनिटरिंग और जिले के सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ सहायक, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी,अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य अमले की मेहनत, प्रभावी निगरानी एवं समन्वित कार्यप्रणाली का परिणाम रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.