भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पुत्री शोक,पंचतत्व में विलीन हुई सुरभि खण्डेलवाल
✓भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पुत्री शोक,पंचतत्व में विलीन हुई सुरभि खण्डेलवाल
✓शोक जताने प्रदेश भर से वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बैतूल पहुंचे
परिधि न्यूज बैतूल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं आरडी पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती रितु खण्डेलवाल की पुत्री सुरभि खण्डेलवाल(34) का बुधवार को हृदय गति रूकने से निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ्य चल रही थी। सुरभि के निधन का समाचार मिलते ही शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का श्री खण्डेलवाल के निवास पर तांता लगना प्रारंभ हो गया था। अंतिम यात्रा उनके सिविल लाइन्स स्थित निज निवास चंद्रमौली से निकाली गई। अंतिम संस्कार कोठीबाजार स्थित मोक्षधाम में किया गया। मुखाग्रि सुरभि के भाई वरद खण्डेलवाल ने दी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर खंडेलवाल की बेटी के निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे एक स्पेशल चाइल्ड थीं। लंबे समय से बीमार थीं। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उनकी रूटीन फिजियोथेरेपी हुई थी। इसके कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोपहर करीब 12:00 बजे जान चली गई। बेटी के निधन की खबर मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से बैतूल पहुंचे। उनके बैतूल प हुंचकर पर अंतिम यात्रा मोक्षधाम के लिए निकली। कोठी बाजार मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया।


मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक जताया है। सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक श्रद्धांजलि व्यक्त की है।

आचार्य विवेक जैन ने बताया कि वे सुरभि खंडेलवाल को काफी समय से एक्यूपंक्चर और नेचुरोपैथी दे रहे थे। सुरभि के शरीर में लगातार अकडऩ रहती थी, जिसका इलाज नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर से किया गया। इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था। वे चलने-फिरने लगी थीं। उन्होंने बताया कि सुरभि का काफी समय से इलाज चल रहा था। वे बोल नहीं पाती थीं, लेकिन हाव-भाव से काफी समझदार और होश में थीं। आज फिर से उनकी एक्यूप्रेशर थेरेपी हुई। इलाज के बाद वे हंसीं और वहां मौजूद लोगों से इशारों में बातचीत की। थोड़ी देर बाद खाना खाया, फिर अचानक हार्ट अटैक आ गया जिससे उनका निधन हो गया। सुरभि खण्डेलवाल के निधन पर जिले के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, चिकित्सकों, सामाजिक बंधुओं, ईष्टमित्रों, शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त किया है। परिधि न्यूज की भी भावभीनी श्रद्धांजलि 🙏
➡️ पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सुश्री सुरभि खंडेलवाल को दी श्रद्धांजलि

मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निज निवास पहुंचकर उनसे एवं उनके परिजनों से भेंट की तथा उनकी पुत्री सुश्री सुरभि खंडेलवाल के आकस्मिक निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय सुश्री सुरभि खंडेलवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्री मिश्रा ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।