Betul and MP Latest News

1️⃣➡️श्रद्धालुओं ने भंडारे में ग्रहण की प्रसादी, एलईडी स्क्रीन पर देखा भारत-पाक मुकाबला,2️⃣➡️शिवरात्रि पर सोनाघाटी शिव मंदिर में 151 किलो चने व 61 किलो घी के हलवे की प्रसादी वितरित,3️⃣➡️बड़केश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर सजा बाबा का दरबार, विशाल भंडारे में जुटे हजारों श्रद्धालु,4️⃣➡️महाशिवरात्री पर शिव गुफा मंदिर में हुआ विशाल भंडारा

धर्म-आध्यात्म परिधि बैतूल

1️⃣➡️श्रद्धालुओं ने भंडारे में ग्रहण की प्रसादी, एलईडी स्क्रीन पर देखा भारत-पाक मुकाबला

✓भोपाली महादेव और पचमढ़ी जाने वाले भक्तों के लिए दिन-रात सेवा में जुटी शिवम सेवा समिति

✓सुनील गुड्डू शर्मा और रक्कू शर्मा की देखरेख में 17वें वर्ष भी जारी श्रद्धालुओं की नि:स्वार्थ सेवा

बैतूल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कमानी गेट स्थित न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में शिवम सेवा समिति का 17वां विशाल भंडारा आस्था, सेवा और उत्साह का केंद्र बना हुआ है। 15 फरवरी को भंडारा स्थल पर भोजन प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने एलईडी स्क्रीन पर भारत-पाकिस्तान टी-20 मुकाबले का सीधा प्रसारण भी देखा और धार्मिक आयोजन के बीच खेल रोमांच का आनंद लिया।
समिति द्वारा विशेष व्यवस्था करते हुए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई, जिस पर भारत-पाकिस्तान टी-20 मुकाबला दिखाया गया। प्रसादी ग्रहण कर रहे श्रद्धालु एक साथ बैठकर मुकाबला देखते रहे। भंडारा स्थल पर उत्साह और अनुशासन दोनों का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भंडारा स्थल पर उमड़ी। हजारों शिवभक्तों ने भरपेट भोजन प्रसादी ग्रहण कर भोपाली महादेव के दर्शन के लिए प्रस्थान किया। समिति के सदस्य पूरी मुस्तैदी के साथ सेवा में जुटे रहे और मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को विशेष आग्रह कर प्रसादी ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करते रहे।
16 फरवरी को भी जारी रहेगा भंडारा
समिति द्वारा 16 फरवरी को भी रात्रि तक भंडारा जारी रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि पचमढ़ी और भोपाली महादेव से लौटने वाले भक्तों को भी भोजन प्रसादी मिल सके। विगत 16 वर्षों से निरंतर चल रही यह सेवा 17वें वर्ष में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी है।समिति के सुनील गुड्डू शर्मा पूरी व्यवस्था की स्वयं निगरानी कर रहे हैं। वे दो दिनों से लगातार भंडारा स्थल पर उपस्थित रहकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी भक्त भूखा न जाए और सभी को सम्मानपूर्वक भोजन प्रसादी मिले। सुनील गुड्डू शर्मा श्रद्धालुओं के साथ-साथ भंडारा स्थल पर पहुंचने वाले गणमान्य नागरिकों की भी आत्मीयता से सेवा कर रहे हैं। रक्कू शर्मा और पूरी टीम के साथ वे प्रसादी वितरण में स्वयं आगे रहकर सेवा का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। समिति की टीम ने सेवा और समर्पण के माध्यम से यह संदेश दिया है कि सच्ची भक्ति मानव सेवा में ही निहित है, जो महाकाल की विशेष कृपा से ही संभव हो पाती है।

2️⃣➡️शिवरात्रि पर सोनाघाटी शिव मंदिर में 151 किलो चने व 61 किलो घी के हलवे की प्रसादी वितरित

✓स्व.विश्राम सिंह मवासे की प्रेरणा से 25वें वर्ष में पहुंचा शिवरात्रि भंडारा, कन्या पूजन के साथ हुआ शुभारंभ

बैतूल/महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनाघाटी स्थित शिव मंदिर में आयोजित होने वाला भंडारा इस वर्ष अपने 25वें वर्ष में पहुंच गया। यह भंडारा स्व. विश्राम सिंह मवासे की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ था, जो अब रजत जयंती वर्ष के रूप में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत कन्या पूजन के साथ की गई, जिसके बाद शिवालय सोना गैस एजेंसी के संचालक महेंद्र सिंह मवासे एवं देवेंद्र मवासे ने भंडारे का शुभारंभ किया।
भंडारे में 151 किलो चने तथा 61 किलो शुद्ध घी से तैयार हलवे की प्रसादी श्रद्धालुओं को वितरित की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष भंडारे का स्वरूप और भी विस्तृत होता जा रहा है और श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले लगभग 25 वर्षों से यह सेवा कार्य निरंतर जारी है। इस पुण्य कार्य में शिवालय सोना गैस सर्विस के समस्त कर्मचारी भरपूर सहयोग देते हुए सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

3️⃣➡️बड़केश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर सजा बाबा का दरबार, विशाल भंडारे में जुटे हजारों श्रद्धालु


बैतूल/ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनाघाटी क्षेत्र के राजा भोज मार्ग स्थित बड़केश्वर धाम शिव मंदिर में पूरा दिन भक्तिमय माहौल रहा। यहां प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान शिव के विशेष पूजन-अर्चन के साथ विशाल भंडारा प्रसादी का सफल आयोजन किया गया।
समिति के अध्यक्ष देवा पवार ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में सुबह 9 बजे मंदिर में भोले बाबा का विशेष अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात विधि-विधान से हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। इन धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद, दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा प्रसादी का शुभारंभ हुआ।
बड़केश्वर धाम समिति के संरक्षक और विरासत समिति के जिलाध्यक्ष राजू अनुराग पवार के अनुसार, समिति द्वारा विगत 14 वर्षों से निरंतर शिवभक्तों के लिए इस भोजन प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है, और यह वर्ष भी उसी कड़ी का हिस्सा था।
भंडारा प्रसादी का वितरण दोपहर से शुरू होकर देर शाम तक अनवरत जारी रहा। इस भव्य आयोजन में करीब आठ से दस हजार श्रद्धालुओं ने बड़केश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति से पूरा धाम शिवमय नजर आया।

4️⃣➡️महाशिवरात्री पर शिव गुफा मंदिर में हुआ विशाल भंडारा
बैतूल/ महाशिवरात्री के पावन पर्व पर शिव गुफा मंदिर बैतूल बाजार रोड बडोरा में आदिशक्ति ग्रुप बैतूल द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ अर्जित किया। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी रही और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण छाया रहा।
यह आयोजन पिछले लगभग 20 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। आदिशक्ति ग्रुप बैतूल द्वारा महाशिवरात्री के अवसर पर निरंतर सेवा भाव से भंडारा आयोजित किया जाता रहा है। इस वर्ष भी परंपरा को कायम रखते हुए विशाल स्तर पर प्रसादी वितरण किया गया।
आदिशक्ति ग्रुप के सक्रिय सदस्य तथा क्षत्रिय लोणारी सेवा संगठन के अध्यक्ष यशवंत मुन्ना मानकर के नेतृत्व में भंडारे की समुचित व्यवस्था की गई। आयोजन में पंकज साबले, अन्नु जसुजा, मुन्ना मानकर, आशिष राठौर और राजेश वर्मा सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शिव गुफा मंदिर में दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही और सभी ने सुव्यवस्थित तरीके से प्रसादी ग्रहण की। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और आदिशक्ति ग्रुप की सेवा भावना की सराहना की गई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.