बैतूल में आज आदिवासी संस्कृति का सबसे बड़ा रैंप शो, छह राज्यों से पहुंचे प्रतिभागी
✓बैतूल में आज आदिवासी संस्कृति का सबसे बड़ा रैंप शो, छह राज्यों से पहुंचे प्रतिभागी
✓बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जयस के तत्वाधान में किया जा रहा ट्राइबल फैशन शो
परिधि न्यूज बैतूल

रानी दुर्गावती ऑडिटोरियम में आज 15 नवंबर को जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) द्वारा बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती पर प्रदेश स्तरीय ट्राइबल फैशन शो का आयोजन किया जा रहा है। इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, असम और राजस्थान सहित छह राज्यों के प्रतिभागी हिस्सा लेने पहुंचेगे जो अपनी-अपनी पारंपरिक पहचान के साथ आदिवासी संस्कृति की एकता को रैंप पर उतारेंगे।
जयस जिलाध्यक्ष संदीप कुमार धुर्वे ने बताया कि यह आयोजन आदिवासी गौरव का जीवंत मंचन रहेगा। आदिवासी समाज के युवक युवतियां पिछले कई दिनों से अपनी तैयारियों में जुटे हुए थे और शुक्रवार को उन्होंने ट्राइबल फैशन शो की अंतिम रिहर्सल पूरी की। संदीप कुमार धुर्वे के अनुसार, इस बार की थीम पूरी तरह आदिवासी वेशभूषा, आदिवासी लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत को केंद्र में रखकर तैयार की गई है।
रैंप पर युवक युवतियां अपनी पारंपरिक वेशभूषा में उतरे दिखाई देंगे, जहां आदिवासी संस्कृति की गहराई, रंग, परंपरा और अनूठी शान पूरे मंच पर साफ नजर आएगी। आदिवासी समाज की गौरवगाथा को दर्शाती लोकनृत्य प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहेंगी। आयोजन समिति का अनुमान है कि इस कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे, जिससे यह आयोजन बैतूल जिले के इतिहास का सबसे भव्य आदिवासी सांस्कृतिक पर्व बन जाएगा।
बैतूल जिले में बीते कुछ वर्षों में आदिवासी युवाओं में अपनी कला, संस्कृति और विरासत के प्रति एक नई जागरूकता बढ़ी है। जिले के कलाकार, लोकनर्तक और प्रतिभाशाली युवक युवतियां पूरे देश में अपनी सांस्कृतिक पहचान को गर्व के साथ प्रदर्शित कर रहे हैं। पिछले वर्ष आयोजित ट्राइबल फैशन शो को बड़ी सफलता मिली थी और उसी ऊर्जा के साथ इस वर्ष भी युवाओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।
